कई जिलों में लगातार कई दिनों से पारा शून्य पर अटका


फसलों व पेड़-पौधों पर बर्फ की चादर 
जयपुर,(नसं.-सरेराह)। प्रदेश में सर्दी रोज नए रेकॉर्ड  बनाने में तुली हुई है। लगातार पारे में गिरावट दर्ज जो रही है। कई जिलों में लगातार कई दिनों से पारा शून्य पर अटका हुआ है और फसलों व पेड़-पौधों पर बर्फ की चादर नजर आ रही है। राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में दिन और रात में पारा सामान्य से कम दर्ज हुआ। जयपुर में बीते 55 साल में तीसरी बार रात में पारा न्यूनतम स्तर  पर आ गया। बीती रात राजधानी जयपुर का पारा सबसे कम 1.0 डिग्री दर्ज किया गया। आज सुबह जयपुर कोहरे के आगोश में लिपटा नजर आया। जयपुर एयरपोर्ट पर आज सुबह 5.30 बजे दृश्यता 1200 मीटर रही लेकिन सुबह सात बजे यह घटकर महज 25 मीटर रह गई। सुबह छह बजे शहर का अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर में 13 दिसम्बर 1964 को न्यूनतम पारा 0 डिग्री दर्ज किया गया था। प्रदेश में सर्दी के रेकॉर्ड तोडऩे के पीछे एक कारण यह भी है कि इस बार मानसून में भी बारिश ने रेकॉर्ड बनाये थे।