कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से अभद्र बर्ताव का मामला
अजमेर,(नसं.-सरेराह)। शहर महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्टे्रट पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और योगी का पुतला फूंका। महिला पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी कांंग्रेस के स्थापना दिवस के बाद नागरिकता संशोधन विधेयक के मामले में रिटायर्ड आईपीएस एसआर दारापुरी से मुलाकात करने के लिए घर से निकली। बीच रास्ते में योगी सरकार के इशारे पर पुलिस ने प्रियंका के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया, जो अशोभनीय कृत्य है और नारी शक्ति पर कुठाराघात है। प्रियंका गांधी के साथ हुए अभद्र बर्ताव से महिला कांग्रेस में जबर्दस्त रोष है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ को माफी मांगनी चाहिए। अन्यथा महिला कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इसी के साथ महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा शिविर लगाने पर पुलिस महानिदेशक भूपेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप का आभार जताया। जिन्होंने महिला सुरक्षा के लिए वाट्एप नंबर जारी किया। जिससे महिलाएं किसी भी प्रकार की वारदात होने की आंशका पर कानून की मदद ले सकेंगी। इस दौरान महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सबा खान, मंजू बलाई, शहनाज व अरुणा कच्छावा आदि मौजूद रही।
महिला कांग्रेस ने फूंका सीएम योगी का पुतला