उत्तर भारत में शीतलहर ने गिराया पारा

उत्तर भारत में शीतलहर ने गिराया पारा
जयपुर,(असं.-सरेराह)। उत्तर भारत में चल रही शीतलहर का असर जयपुर में भी देखने को मिल रहा है। गुलाबी नगर में बीती रात न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सोमवार रात के न्यूनतम तापमान से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के मुताबिक उत्तर भारत में भीषण सर्दी का दौर चल रहा है। इसके असर से जयपुर में भी पारा गिर रहा है। जयपुर में बीती रात तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। आज रात न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जबकि आज दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार है। जयपुर में आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहने की संभावना है। सीकर जिले का फतेहपुर कस्बा प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। फतेहपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सोमवार रात से 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। फतेहपुर में पारा चढऩे से लोगों को मामूली राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि अब भी फतेहपुर प्रदेश का सबसे सर्द स्थान बना हुआ है। फतेहपुर के अलावा माउंट आबू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और सीकर समेत आधा दर्जन जिले ऐसे हैं जहां न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।