अगले दो दिन पूर्वोत्तर इलाकों में रात के तापमान में गिरावट के संकेत

अगले दो दिन पूर्वोत्तर इलाकों में रात के तापमान में गिरावट के संकेत
जयपुर,(असं.-सरेराह)। प्रदेश में अगले दो दिन सर्दी के तेवर तीखे रहने का पूर्वानुमान है। पंजाब,हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में मौसम विभाग ने अगले दो दिन कोल्ड डे रहने व तेज गति से उत्तरी सर्द हवाएं चलने की आशंका जताई है। ऐसे में पड़ौसी राज्यों में बदल रहे मौसम के मिजाज का असर प्रदेश के पूवोत्तर इलाकों में भी रहना तय है। जिसके चलते प्रदेश के पूर्वोत्तर के कुछ भागों में अगले दो दिन घना कोहरा छाए रहने और सर्द हवा के असर से रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है। 
बीते चौबीस घंटे में शेखावाटी क्षेत्र समेत प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में मौसम सर्द रहा। हालांकि रात के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज हुई, लेकिन बीती शाम से तेज गति से बही उत्तरी हवा ने रात में मौसम सर्द कर दिया। राजधानी जयपुर में बीते बुधवार को दिन में मौसम शुष्क रहा लेकिन शाम को हवा की रफ्तार बढ़ते ही शहरवासियों को गलन और ठिठुरन महसूस हुई। आज सुबह शहर में छितराए बादलों की आवाजाही रही और सुबह छह बजे शहर का अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार शहर में अगले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहने व दिन में छितराए बादल छाए रहने की संभावना है। सीकर जिले में आज कोहरा छंटा लेकिन रात के तापमान में पारा लुढ़कने से सर्दी ने फिर से तीखे तेवर दिखाए। जिले के फतेहपुर कस्बे में बीती रात पारा 6 डिग्री लुढ़क कर 1.4 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। कस्बे में बीते चार दिन में पारे में जबरदस्त उतार चढ़ाव दर्ज हुआ है। बीते सोमवार को भी कस्बे का न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रह चुका है।