भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पूनिया सहित भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से किया जनता को जागरुक करने का आह्वान
अजमेर, (नसं.-सरेराह)। भारतीय जनता पार्टी देहात की ओर से गुरुवार को बिरला सिटी वाटर पार्क में नागरिक संशोधन विधेयक के जनजागरण व आमजन तक सही जानकारियां पहुंचाने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। इसी के साथ पंचायत राज चुनावों को लेकर भी सुझाव मांगे गए।
कार्यशाला में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा, सांसद भागीरथ चौधरी, पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत, नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष बी.पी. सारस्वत, जिला प्रमुख वंदना नोगिया, संजय जैन, कालूलाल गुर्जर, पुखराज पहाडिय़ा, विष्णु चेतानी आदि ने नागरिकता संशोधन पर संबोधित किया और इसे देश हित में आमजन को जागरुक करने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। संभाग मीडिया प्रभारी मोहित जैन ने बताया कि कार्यशाला में पंचायत समितियों के प्रधान, पालिकाओं के चेयरमैन, जिले के जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, जिलापदाधिकारी सहित अजमेर देहात के कार्यकर्तागण मौजूद रहे। वहीं शहर भाजपा ने नागरिकता संशोधन अधिनियम के पक्ष में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी शहर जिला की ओर से नागरिकता संशोधन अधिनियम के पक्ष में बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान किया जा रहा है। पूर्व जिला अध्यक्ष अरविंद यादव ने वार्ड 51 के बूथ संख्या 122 पर जनसंपर्क कर अधिनियम के विषय में जानकारी दी। यादव ने बताया कि देश में इस अधिनियम को एक डर के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि हमारे गृह मंत्री अमित शाह सदन में कह चुके हैं कि यह बिल पूर्ण रूप से किसी भी व्यक्ति की नागरिकता नहीं छीनता है। युवा मोर्चा के शहर अध्यक्ष दीपक सिंह के नेतृत्व में वार्ड 1 के बूथ संख्या 27 पर अभियान आरंभ किया गया, जहां आमजन से संपर्क कर बिल के विषय में जानकारी दी गई। इसी प्रकार शहर के सभी बूथों में यह कार्यक्रम आरंभ किया गया है, जो आगामी दिनों में निरंतर जारी रहेगा। इसी अभियान के अंतर्गत शहर भाजपा के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ताओं की ओर से सोशल मीडिया पर भी सीएए के पक्ष में एक अभियान चलाया जा रहा है। जिसका आरंभ जिला अध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाड़ा ने किया।
भाजपाई कर रहे हैं आमजन को सीसीए के प्रति जागरुक