11 फीट के पूर्ण शिवलिंग पर होगी भस्म स्नान आरती 


विभिन्न शिव मंदिरों में शोभा यात्रा, रुद्राभिषेक, भजन कीर्तन सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम होंगे आयोजित 
पुष्कर,(निसं.-सरेराह)। पुष्कर के देवनगर रोड स्थित चित्रकूट धाम में महाशिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में 11 फीट के पूर्ण शिवलिंग पर भस्म स्नान आरती होगी तथा रात्रि को चार प्रहर की पूजा होगी, वहीं पुष्कर में कई जगह महाशिवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न शिव मंदिरों में शोभा यात्रा, रूद्राभिषेक, भजन कीर्तन समेत अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।  
चित्रकूट धाम के संत पाठक महाराज ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई है। महोत्सव के उपलक्ष्य में 21 फरवरी की सुबह 7 से 22 फरवरी की अल सुबह 4 बजे तक निज मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के पूजन व दर्शन के लिए खुले रहेंगे। 21 फरवरी की सुबह 7 से शाम 4 बजे तक सभी जाति, धर्म वर्ग के श्रद्धालु बिना किसी भेदभाव के गर्भ गृह में प्रवेश कर 11 फीट के पूर्ण शिवलिंग पर अपने हाथों से दूध मिश्रित जल चढ़ा सकेंगे। दूध व जल चित्रकूट धाम की ओर से सभी भक्तों को नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। शाम 4 से 6 बजे के बीच पहली बार भजन संध्या एवं आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया जायेगा, जिसमें रजनीश चारण समेत अनेक भजन मंडलियां भजनों की प्रस्तुतियां देंगी। शाम 6 बजे शिवलिंग पर विशेष भस्म स्नान महाआरती होगी। आरती स्वयं  पाठक महाराज करेंगे। खास बात यह है शिवरात्रि महोत्सव में भाग लेने के लिये पाठक महाराज ने सर्वधर्म समाज के धर्मगुरुओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया है। आरती के दर्शन के लिए माकूल बंदोबस्त किए जाएंगे। इसके बाद रात्रि 8 से सुबह 4 बजे तक चार प्रहर की पूजा होगी। सभी भक्तों को पूजन सामग्री भी मंदिर प्रबंधन की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध करायी जाएगी। बताया गया है कि चार प्रहर की पूजा के दौरान भी भक्त अपने हाथों से शिवलिंग पर जल एवं दुग्धाभिषेक कर सकते हैं। जलाभिषेक व महाआरती के दर्शन के लिये न कोई पास की जरुरत है और न ही कोई शुल्क लिया जायेगा। चित्रकूटधाम में भोलेनाथ का अनूठा मंदिर है। इस मंदिर में 11 फीट के पूर्ण शिवलिंग पर पांच फीट के हनुमान जी की मनमोहक प्रतिमा विराजमान है। 
वेद विद्यापीठ में तीन दिन होंगे अनेक कार्यक्रम : पुष्कर स्थित ब्रह्मा सावित्री वेद विद्यापीठ में तीन दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव एवं वेद विद्यापीठ न्यास का वार्षिकोत्सव स्वामी गोविंददेव गिरी महाराज के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान रूद्राभिषेक, रूद्र महायज्ञ, प्रवचन समेत अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। 21 फरवरी सुबह रूद्रमहायज्ञ की पूर्णाहूति होगी तथा रात्रि 10 बजे महाराज महारूद्राभिषेक करेंगे। इसके अलावा शिवरात्रि के उपलक्ष्य में माली समाज व कुमावत समाज की ओर से भगवान भोलेनाथ की सवारियां निकाली जाएगी। साथ ही विभिन्न शिव मंदिर में जलाभिषेक, रूद्राभिषेक समेत अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।